


ICC T20 World Cup: यानी T20 वर्ल्ड कप 2026 में रिकॉर्ड्स की बारिश हो रही है। इसी कड़ी में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने भारतीय दिग्गज विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है। फरहान अब किसी एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में फरहान शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ 38 रन बनाते ही उन्होंने कोहली के 2014 में बनाए गए 319 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अब तक इस टूर्नामेंट में फरहान 383 रन बना चुके हैं। खास बात यह है कि उनके बल्ले से तीन अर्धशतक और एक शतक निकल चुका है।
कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2014 में 4 अर्धशतकों की मदद से 319 रन बनाए थे, जो लंबे समय तक रिकॉर्ड रहा। हालांकि टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में कुल रनों का रिकॉर्ड अब भी कोहली के नाम दर्ज है। लेकिन एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया कीर्तिमान अब फरहान के नाम हो गया है।
पल्लिकेले में खेले गए सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हराया। इस मैच में फरहान ने 60 गेंदों पर 5 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 100 रन ठोके। उनकी पारी के दम पर पाकिस्तान ने 20 ओवर में 212 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका 207 रन ही बना सकी।
































