


(अभिषेक सोनी) बलरामपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से मनाए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन और मार्गदर्शन में जिला पुलिस बलरामपुर-रा.गंज द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने पोस्टर के माध्यम से नागरिकों से जिम्मेदार आचरण अपनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
सोशल मीडिया में जारी पोस्टर में स्पष्ट किया गया है कि त्योहार की खुशियों को बनाए रखने के लिए लापरवाही से बचना आवश्यक है। अभियान के दौरान तीन सवारी चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पूर्णतः वर्जित है। ऐसे मामलों में वाहन मालिकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर भी चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पुलिस के अनुसार, होली के दौरान पूरे जिले में लगातार सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें, ताकि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ उल्लासपूर्वक मनाया जा सके।
































