


जशपुर: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत शनिवार तड़के सुबह 4 बजे जिला मुख्यालय के 12 वार्डों में एक साथ दबिश दी गई। इस कार्रवाई में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के डीपाटोली, बरटोली, कदमटोली, मस्जिद पारा, रक्षित कॉलोनी समेत विभिन्न इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 50 लीटर से अधिक अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन और उपकरण भी कब्जे में लिए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई गई है।इस मामले में 2 महिला और 5 पुरुष सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) व 34(2) के तहत सिटी कोतवाली थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला आदतन अपराधी है, जिस पर पूर्व में भी अवैध शराब के मामले दर्ज हैं।
छापेमारी के दौरान करीब 5000 किलो महुआ पास भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए महुआ पास को नष्ट कर दिया।वहीं थाना आस्ता क्षेत्र में भी एक आरोपी के घर से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और 4 लीटर बीयर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।होली के मद्देनजर जिलेभर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती जा रही है। पिछले दो दिनों में 500 प्रकरण दर्ज कर करीब 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान नशे से दूर रहें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह ने लोगों से अपील की है:- होली के दौरान नशापान से दूर रहें, शांति पूर्वक त्यौहार मनाए, शराब पीने व अवैध शराब की परिवहन, भंडारण, विक्रय करते पाए जाने पर जशपुर पुलिस उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही करेगी। साथ ही त्यौहार के दौरान शराब पीकर व तेज गति से वाहन न चलावें, शांति पूर्वक व सुरक्षित होली त्यौहार मनावे,शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों व हुड़दंगियों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी
































