


बलरामपुर: बलरामपुर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब ऑनलाइन चालान प्रणाली लागू कर दी गई है। आम नागरिकों में पारदर्शिता लाने और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 28 फरवरी से “ई-चालान” व्यवस्था की शुरुआत की गई है।पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में यह व्यवस्था प्रारंभ की गई। पहले चरण में बलरामपुर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर थाना क्षेत्रों में औपचारिक रूप से ऑनलाइन चालान प्रक्रिया शुरू की गई है। आगामी दिनों में इसे जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लागू किया जाएगा।
नई प्रणाली के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर ही डिजिटल माध्यम से चालान जारी किया जाएगा। चालान का भुगतान नगद, ऑनलाइन (बारकोड अथवा यूपीआई) और कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा। पेपरलेस प्रक्रिया से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों का समय भी बचेगा और रिकॉर्ड संधारण भी आसान होगा।यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन ने नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, वाहन संबंधी दस्तावेज साथ रखने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की समझाइश दी है।































