


रायपुर: छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दिन के साथ-साथ अब सुबह और देर रात के समय भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। खास बात यह है कि जहां एक ओर अधिकतम तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक का उछाल देखा गया है, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव महसूस किया जा रहा है।
राज्य में सबसे अधिक गर्मी राजनांदगांव में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
फिलहाल राज्य में बारिश की कोई गतिविधि नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके चलते ठंड का प्रभाव लगभग समाप्त हो गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तापमान में बढ़ोतरी के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग सहित कई शहरों में तापमान स्थिर है और फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

































