रंग और रोज़े के पर्व पर सौहार्द बनाए रखने की अपील, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी

बलरामपुर/कुसमी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से कुसमी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान त्योहार में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का विवाद, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी तथा लगातार पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा गश्त की जाएगी।

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) कुसमी आशीष कुंजाम एवं थाना प्रभारी विरासत कुजूर ने सभी नागरिकों से अपील किया कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन न करें, किसी पर जबरन रंग न लगाएं तथा ग्रीस या कांच युक्त रंगों का प्रयोग न करें। साथ ही अशोभनीय हरकतों एवं आपत्तिजनक शब्दों से बचने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि शोर-शराबा, ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग तथा तेज आवाज में डीजे या म्यूजिक सिस्टम बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवर्तित साइलेंसर (मॉडिफाइड साइलेंसर) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं संचालित होने के कारण बिना अनुमति साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं करने तथा अनुमति मिलने पर भी निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की बात कही गई। उपस्थित मुस्लिम समुदाय के सदस्यों से भी आपसी सौहार्द के साथ ईद पर्व मनाने का अनुरोध किया गया। होली एवं ईद त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया गया, जिस पर सर्वसम्मति से सभी ने अपना सहयोग देने की सहमति प्रदान की।

होलिका दहन निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर करने, विद्युत खंभों और तारों से सावधानी बरतने तथा एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील भी की गई। बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने आश्वासन दिया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।

बैठक में एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, तहसीलदार रॉकी एक्का, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत, उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल, जनपद अध्यक्ष बसंती भगत, उपाध्यक्ष अशोक सोनी सहित गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!