

जशपुर: जशपुर जिले के थाना तपकरा क्षेत्र अंतर्गत चौकी ऊपर कछार के ग्राम सिंगीबहार में दुकानदार से गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जशपुर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 11 बजे दो व्यक्ति ग्राम सिंगीबहार स्थित रमेश कुमार साहू (51 वर्ष) की दुकान पर पहुंचे। वहां दोनों ने दुकानदार के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौच की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बना लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।वायरल वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता (27 वर्ष) एवं उनके पिता युधिष्ठिर गुप्ता (55 वर्ष), निवासी ग्राम ललकिडीह (उड़ीसा) के रूप में हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ चौकी ऊपर कछार में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने या आम नागरिकों को धमकाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



















