यूपी। उन्नाव क्रिकेट मैच मधुमक्खी हमला की घटना ने खेल जगत को झकझोर दिया है। गंगाघाट नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने खिलाड़ियों और अंपायरों पर हमला कर दिया। इस हादसे में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार स्टेडियम में YMCC और पैरामाउंट टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था। पहली पारी समाप्त होने के बाद दूसरी पारी शुरू हो चुकी थी। कुछ ओवर बाद ड्रिंक ब्रेक लिया गया, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड मैदान में पहुंच गया। खुद को बचाने के लिए खिलाड़ी और अंपायर जमीन पर लेट गए, लेकिन डंक लगने से कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग सभी खिलाड़ी और अंपायर हमले का शिकार हुए। घायल माणिक गुप्ता को पहले शुक्लागंज के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें कानपुर रेफर किया गया। बाद में उन्हें हैलट अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

माणिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से क्रिकेट अंपायरिंग से जुड़े थे। घटना के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई और दर्शकों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने स्टेडियम के आसपास सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है। वहीं अंपायर के निधन से परिवार और क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!