


Bhopal News: भोपाल महिला चोर गिरफ्तार मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली शातिर आरोपी रजिया खान को पुलिस ने पकड़ लिया है। उसके खिलाफ भोपाल और इंदौर में कुल 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी चोरी किए गए कैश और जेवरात को अपने घर में रखी वाशिंग मशीन में छिपाकर रखती थी। तलाशी के दौरान वाशिंग मशीन से 2.5 लाख रुपये की नगदी बरामद हुई। इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन, लॉकेट और चांदी का गुच्छा भी मिला। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
महाशिवरात्रि के दिन 15 फरवरी को बाणगंगा नॉर्थ इलाके में एक घर में बड़ी चोरी हुई थी। परिवार शिव बारात में गया हुआ था और घर की चाबी बाहर रखी थी। आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर अलमारी से कैश और जेवर पार कर दिए। बाद में मुखबिर की सूचना पर टीटी नगर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को ऐशबाग जनता क्वार्टर स्थित घर से गिरफ्तार किया।
रजिया खान त्योहारों के दौरान ज्यादा सक्रिय रहती थी। वह स्कूटी से शहर में घूमकर ऐसे घर तलाशती थी, जहां चाबियां बाहर रखी हों। मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देती थी।
भोपाल महिला चोर गिरफ्तार होने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि घर की चाबियां सुरक्षित रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।
































