


CG News। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा के मौके पर विशेष संदेश देते हुए उन्हें आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। अपने संदेश में CM साय ने कहा कि परीक्षाओं का समय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा, “परीक्षाओं का समय आ गया है। मैं जानता हूँ कि आपके मन में उत्साह भी है और थोड़ा सा तनाव भी। लेकिन सबसे पहले यह जान लीजिए – आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षाओं के समय डर महसूस होना कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। छात्रों को डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी नहीं होने देना चाहिए।
CM साय ने बताया कि पूरे साल की मेहनत, हर अभ्यास और दोहराव छात्रों की ताकत बनकर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने छात्रों को नियमित पढ़ाई करने, कठिन विषयों को दोहराने और समय का संतुलन बनाए रखने की सलाह दी। इसके साथ ही पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक भोजन करने और परीक्षा के कुछ दिनों के लिए मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की भी प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के सभी विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उनका संदेश न केवल छात्रों को मानसिक तैयारी के लिए प्रोत्साहित करता है, बल्कि परीक्षा के दौरान संतुलन, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की महत्वपूर्ण सीख भी देता है।































