


जशपुर: जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन बिक्री में हिस्से की राशि मांगने पर हुए पारिवारिक विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस अमानवीय कृत्य में मां और भाई ने भी उसका साथ दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में जारी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जमीन के पैसों को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार कामना भगत (25 वर्ष), पति कौशल यादव (30 वर्ष), निवासी नारायणपुर ने 15 फरवरी 2026 को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि दो वर्ष पूर्व ससुर शिवशंकर यादव ने जमीन बेची थी, जिसमें से कौशल यादव अपने हिस्से की राशि लगातार मांग रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
पेट्रोल डालकर लगाई आग
13 फरवरी 2026 को यह विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि ससुर शिवशंकर यादव, सास चन्द्रमुनी भगत और देवर अंकुश यादव ने एक राय होकर कौशल यादव के साथ गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान शिवशंकर यादव ने कौशल पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस जलाकर फेंक दी। आग लगने से कौशल गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल उपचार हेतु होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना पर चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल में बिना नंबरी अपराध दर्ज किया गया। चूंकि मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र का था, इसलिए अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रकरण थाना नारायणपुर भेजा गया। वहां अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध स्वीकार करने और साक्ष्य मिलने पर 16 फरवरी 2026 को 1. शिवशंकर यादव (55 वर्ष) पिता,2. चन्द्रमुनी भगत (47 वर्ष)माता 3अंकुश यादव (27 वर्ष) -भाई तीनों निवासी नारायणपुर, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर (छ.ग.) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले की कार्यवाही मेंसहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल महिला आरक्षक अल्पना तिर्की, आरक्षक कुलदीप खलखो एवं अशोक कंसारीकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































