बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के चौकी बरियों, थाना राजपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में पिकअप वाहन के मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

जानकारी के अनुसार 20 मई 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आरा के कुछ लोग झारखंड के मवेशी तस्करों से सांठ-गांठ कर मवेशियों को बुचड़खाना ले जाने के लिए एकत्र कर रहे हैं तथा पिकअप वाहन के माध्यम से परिवहन की तैयारी है। सूचना पर चौकी प्रभारी बरियों ने स्टाफ के साथ ग्राम आरा सरनापारा में गागर नदी किनारे जंगल क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AM-4025 में मवेशियों को लोड किया जा रहा था। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।पिकअप से चार नग मवेशी बरामद किए गए, जिनके चारों पैर और मुंह क्रूरता पूर्वक बंधे हुए थे। ग्रामीणों की मदद से मवेशियों को मुक्त कराया गया। मौके पर वाहन और मवेशियों को गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।मामला अपराध क्रमांक 111/2025 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के अंतर्गत दर्ज है।

विवेचना के दौरान आरटीओ कार्यालय से वाहन स्वामी की जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद 24 दिसंबर 2025 को पिकअप चालक तहकीक अंसारी (24 वर्ष), निवासी मानपुर, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) को अपराध क्रमांक 111/2025 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।आगे की जांच में वाहन मालिक त्रिवेणी प्रजापति (29 वर्ष), निवासी मानपुर, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) की संलिप्तता सामने आई। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने ग्राम ककना स्थित शांति राइस मिल के पास से आरोपी को तलब कर पूछताछ की, जिसमें उसने पिकअप वाहन का स्वामित्व स्वीकार किया तथा 19 मई 2025 को आबीद मियां निवासी सोनपुरवा, थाना रंका के बुकिंग पर चालक के माध्यम से छत्तीसगढ़ में मवेशी परिवहन के लिए वाहन भेजने की बात बताई। आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे 13 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

संपूर्ण कार्रवाई में बरियों चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मुन्नाराम तथा आरक्षक जगनाथ केराम का विशेष योगदान रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!