नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के ओएंगर जंगल-पहाड़ क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में किसी बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है।

यह संयुक्त अभियान 29वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और नारायणपुर पुलिस की टीम द्वारा 12 फरवरी 2026 को संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट  विकास पाचर ने किया। सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही इस क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त बलों ने इलाके में सघन तलाशी और क्षेत्र प्रभुत्व अभियान चलाया।

ओएंगर का यह इलाका घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी भू-भाग के कारण अत्यंत चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सावधानीपूर्वक सर्चिंग करते हुए नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखी गई सामग्री को बरामद किया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इन सामग्रियों का उपयोग आईईडी तैयार करने और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया जाना था।

बरामद किए गए सामान में 175 मीटर इंडस्ट्रियल प्राइमा कॉर्ड (लगभग 3.5 रोल), 10 मीटर सेफ्टी फ्यूज, 10 रोल इलेक्ट्रिक वायर, 01 आईईडी मैकेनिज्म, 01 देशी पिस्टल, 02 स्टील कंटेनर और 5 फीट लंबा भारी बोरिंग पाइप शामिल है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से यह स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे।

सुरक्षा बलों की सतर्कता, रणनीतिक योजना और त्वरित कार्रवाई के कारण इस साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। बरामद सभी सामग्री को विधिवत सुरक्षित कर निष्क्रियकरण और कानूनी कार्रवाई के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!