नारायणपुर: नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर पुलिस को डीआरजी जवानों के लिए 200 हाईटेक मोटरसाइकिलें सौंपीं।

इन 200 बाइकों में TVS की Ronin 225ccमॉडल शामिल है, जो कठिन और दुर्गम क्षेत्रों में तेज़ व सुरक्षित गश्त के लिए उपयुक्त मानी जा रही है। इन बाइकों का उपयोग डीआरजी, केंद्रीय बलों के जवानों और थाना/कैम्प में तैनात पुलिसकर्मी करेंगे।कार्यक्रम के दौरान मंत्रियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर, हेलमेट सहित बाइक जवानों को सौंपीं और हरी झंडी दिखाकर नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया।बताया गया कि यह पहल पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार की गई है।

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में इस योजना की शुरुआत 50 मोटरसाइकिलों से हुई थी, जिसे अब बढ़ाकर 200 कर दिया गया है।प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि थाना और कैम्पों में शासकीय मोटरसाइकिल उपलब्ध होने से न केवल पुलिसिंग मजबूत होगी, बल्कि शासकीय कार्यों के त्वरित निष्पादन में भी मदद मिलेगी।कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज अध्यक्ष रुपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिसकर्मी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!