दुमका: झारखंड के दुमका में पति और बच्चों को छोड़कर गई महिला के साथ धोखा हो गया। इंस्टाग्राम पर रईसी देखकर प्रेमी के साथ रहने गई महिला उस समय दंग रह गई, जब उसे पता चला कि उसका प्रेमी दिहाड़ी मजदूर है। महिला कुछ दिन तक प्रेमी के साथ आंध्र प्रदेश में रही लेकिन जब उसे सच्चाई पता चली तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। पति को धोखा देने वाली महिला को उसके प्रेमी से धोखा मिला और रईसी के सपने देखने वाली महिला को  आखिरकार फिर से पति के पास आना पड़ा।

पति और तीन बच्चों को छोड़कर गई थी महिला

दरअसल, झारखंड के दुमका में पति और तीन बच्चों को छोड़कर एक महिला ने आंध्र प्रदेश में एक युवक के साथ रहना शुरू कर दिया। इंस्टाग्राम के जरिए महिला युवक के संपर्क में आई थी। घर से फरार महिला को लेकर पति ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस आंध्र प्रदेश पहुंची और उसे झारखंड लेकर आई है।

इंस्टाग्राम पर रईसी झाड़ने वाला प्रेमी ‘दिहाड़ी मजदूर’ निकला

पुलिस के मुताबिक आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम पहुंचने पर महिला को पता चला कि इंस्टाग्राम पर मिला व्यक्ति दिहाड़ी मजदूर है, न कि अमीर। जैसा कि उसने सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान दावा किया था। सरैयाहाट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि माता-पिता के समझाने पर 30 वर्षीय महिला वापस लौटने के लिए राजी हो गई और उसके पति ने भी उसे स्वीकार कर लिया।

पति के पास वापस लौटी महिला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के पति ने 12 जनवरी को अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया था कि उनकी पत्नी लंबे समय से इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति से बात करती थी और इस मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस होती थी। इस सूचना के आधार पर, स्थानीय पुलिस ने तकनीकी निगरानी पर आधारित एक टीम को आंध्र प्रदेश भेजा और आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम में महिला का पता लगाया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!