जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पामगढ़ तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार और पटवारी को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारी धान उपार्जन केंद्र प्रभारी से अवैध वसूली कर रहे थे।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव पर चोरभट्टी स्थित धान उपार्जन केंद्र से जुड़े एक कार्य को लेकर रिश्वत मांगने का आरोप था। रिश्वत नहीं देने पर कार्य रोकने और परेशान करने की धमकी दी जा रही थी।पीड़ित प्रभारी ने परेशान होकर पूरे मामले की शिकायत एसीबी से की। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद ट्रैप योजना बनाई गई। एसीबी की टीम ने शिकायतकर्ता को चिन्हित नोटों के साथ पामगढ़ तहसील कार्यालय भेजा।जैसे ही दोनों अधिकारियों ने 35 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई।फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई से जिले के राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!