बिलासपुर: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ब्रेकअप से नाराज एक युवती ने अपने प्रेमी के सीने पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी (22) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, कामता प्रसाद मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा का निवासी था। वह सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर एक होटल में काम करता था। करीब छह महीने पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला निवासी रोशनी सूर्यवंशी से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए।

हालांकि, बीते दो-तीन दिनों से किसी बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। कामता ने रोशनी से बातचीत बंद कर उसे कॉल और मैसेज पर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर मंगलवार सुबह रोशनी चाकू लेकर कामता के घर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोशनी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान रोशनी ने गुस्से में आकर कामता के सीने पर चाकू से वार कर दिया। झगड़े की आवाज सुनकर रूम पार्टनर बाहर आया और खून से लथपथ कामता को देखकर शोर मचाया। आसपास के लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रोशनी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को शक था कि ब्रेकअप के बाद युवक किसी दूसरी लड़की से दोस्ती कर रहा है, इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी, भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!