


सूरजपुर: पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. आर.एस. बघेल को विगत दिवस अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर विभाग द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। वर्ष 1983 से प्रारंभ हुई उनकी शासकीय सेवा यात्रा 43 वर्षों के सम्मानपूर्ण कार्यकाल के साथ अपने अंतिम सोपान पर पहुंची।
विदाई समारोह में कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। अपने दीर्घ सेवाकाल में डॉ. बघेल ने पशुपालन एवं पशु चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके कार्यकाल को अनुशासन, समर्पण और परिणामोन्मुखी कार्यशैली के लिए याद किया जाएगा।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर डॉ. बघेल ने विभाग के समस्त स्टाफ को उनके निरंतर सहयोग और समर्पण के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सहयोगियों का स्नेह और सहयोग उनकी सेवा यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।
अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों ने डॉ. बघेल की समर्पित सेवाओं को सराहते हुए उनके जीवन के अगले अध्याय के लिए उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद जीवन की शुभकामनाएं दी।
































