


छत्तीसगढ़ : के प्रयाग, राजिम में आज से Rajim Kumbh Kalp Mela 2026 का आगाज हो गया है। यह मेला माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम राजिम, रुद्रेश्वर घाट रुद्री, कर्णेश्वर धाम सिहावा और डोंगेश्वर घाट डोंगापथरा सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। मेला 15 फरवरी तक चलेगा, जबकि 10 फरवरी को संत समागम का विशेष आयोजन होगा।
भक्तों ने सुबह 4 बजे ही नदी में स्नान कर भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। कुलेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी। शाही स्नान के लिए त्रिवेणी संगम में 100 मीटर लंबा अस्थाई घाट और 120 मीटर लंबा आरती घाट बनाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भव्य मंच भी स्थापित किया गया है। शाम 6:30 बजे महाआरती होगी और 7 बजे विधिवत 15 दिवसीय कुंभ कल्प महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।
राजिम मेले में सुरक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। लक्ष्मण झूला के नीचे अस्थाई सड़क, कुंड और डोम बनाए गए हैं ताकि संत और श्रद्धालु आराम से रुक सकें। शाही स्नान के दौरान नदी तट पर कड़ी सुरक्षा, बैरिकेटिंग और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रात्रिकालीन बस सेवा, त्वरित चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड और क्रेन अलर्ट मोड में रखे गए हैं।
खाद्य विभाग ने दाल-भात केंद्र बनाए हैं और मांस, मछली व मदिरा की बिक्री पर 15 दिन का पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। मेले में यातायात सुचारू बनाने के लिए पुलिस जवान विभिन्न पाइंट पर तैनात हैं। साथ ही, मेले परिसर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर भी सख्ती से नजर रखी जा रही है।































