


रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा नेता अर्जुन अमित श्रीवास्तव को भारतीय युवा कांग्रेस में राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट के रूप में नियुक्त किया गया है। यह निर्णय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने लिया। इस नियुक्ति के साथ ही अर्जुन अमित देश के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय प्रवक्ता बन गए हैं।
अर्जुन अमित श्रीवास्तव रायपुर के रहने वाले हैं और पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने BBA LLB की पढ़ाई रायपुर से पूरी की है। राजनीति में वे पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं और युवा कांग्रेस के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने लगभग 5 साल पहले छत्तीसगढ़ में हुए यूथ कांग्रेस टैलेंट हंट के जरिए दिल्ली तक अपनी पहचान बनाई। इसके बाद वे चार साल तक प्रदेश प्रवक्ता रहे, फिर बिहार में सह-प्रभारी और मध्य प्रदेश में प्रभारी बनाए गए। अब संगठन ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाकर फिर से जिम्मेदारी सौंपी है।
इस नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। उन्होंने विश्वास जताया है कि अर्जुन अमित श्रीवास्तव अपने अनुभव और ऊर्जा के जरिए संगठन की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।






























