जशपुर: धान खरीदी सीजन के बीच अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में चौकी आरा क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 149 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। यह धान एक ट्रक और दो पिकअप वाहनों के जरिए परिवहन किया जा रहा था। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए धान और वाहनों को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते दो दिनों में अलग-अलग समय पर यह कार्रवाई की गई। 10 जनवरी की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास एक ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड है, जो झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी आरा पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरी में 90 क्विंटल धान पाया गया। चालक गणेश यादव (33 वर्ष), निवासी ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी कोई भी वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रक सहित धान जब्त कर लिया गया।

इसी तरह 11 जनवरी की शाम करीब 7 बजे ग्राम बोकी में पुलिस ने घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-H-0224और JH-01-CV-2140को रोका। जांच में एक पिकअप से 66 बोरी में 30 क्विंटल और दूसरे से 60 बोरी में 29 क्विंटल धान बरामद हुआ। पिकअप चालकों ने अपने नाम शेखर यादव (26 वर्ष), निवासी मधुबनटोली जशपुर और सजीत कुमार (25 वर्ष), निवासी पुरनानगर जशपुर बताए। दोनों भी धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों पिकअप वाहनों सहित कुल 126 बोरी में 59 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया।

इस प्रकार पुलिस ने दो दिनों में एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 416 बोरी में 149 क्विंटल अवैध धान पकड़कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा और आरक्षक बेलसाजर कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। अब तक जशपुर पुलिस 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!