

बलरामपुर। जिला स्तरीय ब्राह्मण सम्मेलन और स्मारिका विमोचन कार्यक्रम बलरामपुर के ऑफिसर्स क्लब में गरिमा पूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे जिले से आए ब्राह्मण बंधुओ ने सामाजिक एकता के साथ ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करने पर बल दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीरेंद्र पांडेय ने समाज की एकता और संगठन पर जोर देते हुए कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर तरीके से निभा सकता है। उन्होंने समाज को शिक्षा, सेवा और संस्कार के मार्ग पर आगे बढकर समाज के नेतृत्व और सभी समाज को साथ लेकर चलने और सामाजिक संगठन पर जोर दिया।
बलरामपुर ऑफिसर्स क्लब के परिसर में सर्व ब्राह्मण समान जिला-बलरामपुर की बैठक का आयोजन किया गया। समाज को संगठित कर सामाजिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक विकास पर विचार-विमर्श बर करना इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रहा, जिसमें समाज से बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर रायपुर के पूर्व विधायक व मध्यप्रदेश शासन के वित्त आयोग के अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी और डीएफओ आलोक बाजपेयी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, स्वस्ति वाचन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने ब्राह्मण समाज जिला-बलरामपुर की टेलीफोन डायरेक्टरी का विमोचन किया। इस डायरेक्टरी के माध्यम से समाज के लोगों को आपसी संपर्क व सहयोग में सुविधा मिलेगी।
सभा को संबोधित करते हुए डीएफओ आलोक कुमार बाजपेई ने विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी समाजों को संगठित होकर आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जैसे देश का विकास जनभागीदारी से संभव है, उसी तरह समाज का विकास भी तभी संभव है जब प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता हो। उन्होंने समाज में व्याप्त बेटी-रोटी की समस्या को गंभीर बताया।
एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, सभी समान होते हैं। समाज का विकास तभी संभव है, जब समाज में समानता, आपसी सम्मान और सहयोग की भावना होगी। उन्होंने आगे कहा कि समाज में यदि किसी को किसी से शिकवा या शिकायत है, तो उसे आपसी संवाद के माध्यम से सुलझाना चाहिए। सभी को एक-दूसरे की मदद के लिए आगेआना चाहिए।एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी के द्वारा समाज के विभिन्न आयाम के विकास के लिए उचित आश्वासन दिया ।
श्री बाजपेयी ने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समाज के विकास की नींव शिक्षा है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे ऐसे मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देना चाहिए। उन्होंने ठंड और खराब सड़कों के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित समाज के लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि ब्राह्मण समाज अब एक सशक्त और जागरूक समाज बन चुका है। ब्राह्मणों को पूरे विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है, इसलिए अपने संस्कार, परंपराएं, सम्मान और धर्म की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे लोगों को सहयोग दें जो क्षमता रखने के बावजूद तंगी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते। उन्होंने कहा, समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। इस दौरान सभी ने आपसी संवाद और सहयोग से समाज की कमियों और बुराइयों को दूर करने का संकल्प लिया।
समाज के संरक्षक राजेंद्र तिवारी के द्वारा सभी ब्राह्मणों को एक होने पर बल दिया गया। सरगुजा जिले से समाज के जिला अध्यक्ष राजेश तिवारी के द्वारा ब्राह्मण के चार गुणों पर बल दिया गया। श्री तिवारी ने कहा कि अब ब्राह्मण समाज कुरीतियों को छोड़कर तेजी से विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है और हमें अपने ज्ञान में वृद्धि कर समाज की आदर्श संरचना में योगदान देना होगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पार्षद एवं सरगुजा के वरिष्ठ नेता श्री आलोक दुबे के द्वारा सभी वर्ग के ब्राह्मणों को एक होकर रोटी बेटी के रिश्ते पर प्रकाश डाला गया। इन्होंने कहा कि ब्राह्मण समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं अब किसी ग्राम में कोई गरीब ब्राह्मण नहीं रहेगा हमें एकजुट होकर अपने प्राचीन गौरव और पहचान को पुनर्स्थापित करना पड़ेगा।
डी.एफ.ओ. आलोक वाजपेई के द्वारा समाज के सहयोग के लिए हर वक्त उपलब्ध रहते हुए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया।
जिला कार्यकारिणी सदस्य एस.डी. दुबे द्वारा ब्राह्मण को भारत की चतुर्दिक विकास का मूल और फूल बताते हुए सभी वर्गों के सामाजिक विकास का संदेश दिया गया। इन्होंने अपने ओजस्वी उद्बोधन से विप्रो के प्राचीन संस्कृति इतिहास पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम संयोजन एवं मंच संचालन सुरेंद्र तिवारी जिला प्रवक्ता ने किया। इन्होंने स्मारिका प्रकाशन से सामाजिक जुड़ाव को रेखांकित किया। इन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही सनातन संस्कृति को ब्राह्मण समाज आगे बढ़ाता रहा है। आवश्यक है कि ज्ञान अर्जित करने और आदर्श आचरण से हम समाज को नई दिशा देने की शुरुआत करें। आभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम समापन की घोषणा जिला सचिव उमेश झा के द्वारा किया गया।





















