

जशपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियानऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2022के दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार चल रहे स्थाई वारंटी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह (28 वर्ष)को पुलिस ने तपकरा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना तुमला क्षेत्र की पीड़िता ने वर्ष 2022 में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर शादी से इंकार कर दिया। मामले में पुलिस ने धारा 366, 376(2)(N) एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को उसी वर्ष गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह लगातार फरार चल रहा था।बार-बार नोटिस जारी होने के बावजूद आरोपी की अदालत में गैरहाज़िरी पर न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से सूचना मिली कि आरोपी तपकरा के पास छिपा हुआ है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी कोमल सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक सोनू सिंह तथा साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






















