पटना। कांग्रेस के मंच से देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। भाजपा के लगातार विरोध में आए बयान और कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम पर भाजपा नेताओं के हमले के बाद अब कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा पर जोरदार पलट वार किया है।

पीएम पर टिप्पणी को लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों के बयान के बॉस कांग्रेस ने भी अपने केंद्रीय स्तर के नेताओं को जवाब देने की जवाबदेही दी। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और पवन खेड़ा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री, दुर्भावनापूर्ण तरीके से बदनाम करने और ध्यान भटकाने की कला में माहिर माने जाते हैं। भाजपा वोटर अधिकार यात्रा से बौखला कर लोगों का ध्यान भटकाने में जुट गए हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल एक्स पर लिखा कि बिहार में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा को मिल रहे जबरदस्त जनसमर्थन से घबराए, असहज और बौखलाए गृह मंत्री अब राहुल गांधी और अन्य नेताओं के बारे में झूठ फैलाने में लगे हुए हैं। भाजपा के खिलाफ बढ़ते जनसमर्थन से बौखलाकर, भाजपा ने एक बार फिर हमें डराने-धमकाने के लिए अपने गुंडों को आगे किया है।

पटना स्थित हमारे बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम पर एक मौजूदा कैबिनेट मंत्री और अन्य भाजपा नेताओं के नेतृत्व में किया गया हमला एक कायरतापूर्ण कृत्य है। यह हमें एसआइआर के नाम पर चल रही व्यापक वोट चोरी का पर्दाफ़ाश करने से नहीं रोकेगा। भाजपा को अपने पतन और बिहार की जनता के बढ़ते आक्रोश का आभास हो गया है, और उसकी हताशा की कोई सीमा नहीं है।

वहीं जयराम रमेश ने लिखा कि किसी पार्टी कार्यालय पर हमला करना राजनीतिक हिंसा का सबसे विकृत रूप है और इसे कभी भी माफ़ नहीं किया जा सकता।

लोकतंत्र में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है, और भाजपा द्वारा इस पैमाने पर की गई बर्बरता उसके असली चरित्र को उजागर करती है। बिहार पुलिस को इस अपराध के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, तथा इस गुंडागर्दी का नेतृत्व करने वाले मंत्रियों और नेताओं को गिरफ्तार करना चाहिए।वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि दरभंगा में महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी  इन्हीं (भाजपा) के एजेंट ने की है।

वे केवल मुद्दा बनाना चाहते हैं ताकि हमारी (वोटर अधिकार)यात्रा से ध्यान भटका सकें। इनकी चोरी पकड़ी गई है इसलिए यह लोग बौखलाए हुए हैं। वह व्यक्ति कौन है जो गिरफ्तार हुआ, वह किसका आदमी है, आप पता लगाइए। जनता सब देख रही है और पूरा देश भाजपा की गुंडागर्दी देख रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!