
कांकेर: कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सर्चिंग पर निकले सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखंडी-हिदुर के जंगल में जवानों ने 3 किलो वजनी प्रेशर IED बरामद किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस और BSF की संयुक्त टीम नक्सल प्रभावित रहे मोरखंडी और हिदुर के जंगलों में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान सुरक्षाबलों की नजर जमीन में लगाए गए 3 किलो वजनी प्रेशर IED पर पड़ी। इसके बाद तत्काल BDS टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए IED को घटनास्थल पर ही डिफ्यूज कर दिया।
कांकेर पुलिस के मुताबिक, जिले के नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस और BSF की संयुक्त टीमें संवेदनशील इलाकों में सघन सर्चिंग कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।











