

सूरजपुर: सूरजपुर जिले में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए चंदौरा पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत के मवेशी और एक पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर अवैध कार्यों के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को थाना चंदौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर अंबिकापुर से उत्तरप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंदौरा चौक पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन (क्रमांक यूपी 24 एटी 5022) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 4 जीवित एवं 1 मृत भैंसा पाया गया। मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों से मवेशियों के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों भूप सिंह (22 वर्ष) निवासी फिरोजपुर, थाना बिसौली जिला बदायूं (उत्तरप्रदेश) और वसीम (20 वर्ष) निवासी खैरी, थाना बिल्सी जिला बदायूं को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पिकअप वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया गया।आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एएसआई नीलकुसुम बेक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































