बलरामपुर:  संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने आज रामानुजगंज स्थित एसडीएम एवं तहसील कार्यालय तथा रामचंद्रपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, रिकॉर्ड रूम एवं न्यायालय कक्ष का अवलोकन करते हुए पंजियों के संधारण और न्यायालयीन प्रक्रियाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को राजस्व मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के सख्त निर्देश दिए।लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए संभागायुक्त ने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं त्रुटि सुधार जैसे आम जनता से सीधे जुड़े मामलों का बिना किसी अनावश्यक विलंब के तय समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक राजस्व प्रकरण अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज हो तथा सभी आदेश पत्र नियमानुसार ऑनलाइन ही जारी किए जाएं, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।

श्री दुग्गा ने शासकीय दस्तावेजों एवं नस्तियों के सुव्यवस्थित संधारण पर बल देते हुए कहा कि सभी अभिलेख क्रमबद्ध और सूचीबद्ध रूप से रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज तत्काल उपलब्ध हो सकें और नागरिकों को बेवजह भटकना न पड़े। साथ ही उन्होंने कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा भवन की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर संजय संजय त्रिपाठी, उपायुक्त  आर.के. खूंटे एवं  शारदा अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंद राम नेताम सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!