
Two Suspects Arrested: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति के पास हथियार मिला, जबकि दूसरे के पास प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़ा फर्जी पहचान पत्र बरामद होने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
NMACC के पास से पकड़े गए संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक, BKC स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर के पास से 24 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि वह खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बता रहा था।
पुलिस ने उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया। जांच के दौरान उसके पास से बंदूक बरामद होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दूसरे संदिग्ध के पास से PMO का कथित फर्जी आईडी कार्ड मिला।
BKC थाने में मामला दर्ज, क्राइम ब्रांच कर रही पूछताछ
दोनों संदिग्धों के खिलाफ BKC पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की जानकारी है।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों संदिग्ध कार्यक्रम स्थल के आसपास किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उनके पास हथियार तथा फर्जी पहचान पत्र कैसे आया।
कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था थी बेहद कड़ी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए मुंबई में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ऐसे समय में कार्यक्रम स्थल के नजदीक दो संदिग्धों की मौजूदगी और उनके पास से कथित तौर पर हथियार व फर्जी पहचान पत्र मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की जांच और महत्वपूर्ण हो गई है।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके आपसी संबंध, कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के कारण और पूरे मामले से जुड़े अन्य संभावित कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है। दोनों को आगे मुंबई की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किए जाने की बात कही गई है।




















