बलरामपुर: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास मजदूरों से भरी बस और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि मजदूरों से भरी बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाड्रफनगर के पुराने नर्सरी के पास बस और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। वहीं, बस में सवार कुछ मजदूरों को भी चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बोलेरो की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं और कितनों की हालत गंभीर है, इसकी आधिकारिक जानकारी पुलिस या स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामने आना बाकी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!