भारी वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाने का आश्वासन, दोपहर 12 बजे बहाल हुआ यातायात

बलरामपुर। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धौरपुर रोड में सड़क दुर्घटना में एक ग्रामीण की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

मौके पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवेंद्र प्रधान, नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी आशीष कुंजाम, राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, बरियों चौकी प्रभारी किरणेश्वर प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों को आवश्यक कार्रवाई और उचित सहायता का आश्वासन दिया।

चर्चा के दौरान प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि मामले में विधिवत कार्रवाई की जाएगी, दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त किया जाएगा तथा मृतक के परिजनों की उपस्थिति में शव का पंचनामा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्घटनास्थल पर स्टॉपर लगाने और साप्ताहिक बाजार के दिन गुरुवार को भारी क्रेशर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने का भी आश्वासन दिया गया।

प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। दोपहर लगभग 12 बजे चक्काजाम खत्म हुआ और यातायात पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गया। इस दौरान मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25000 भी प्रदान की गई। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।

एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के मांगो पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!