
नई दिल्ली/चेन्नई। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक पर विपक्षी INDIA गठबंधन अपनी रणनीति तैयार करने में जुटा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता रविवार, 29 नवंबर को चेन्नई पहुंचने वाले है। यहां उनकी मुलाकात डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से हो सकती है।
इस बैठक का मुख्य मकसद डीएमके को विधेयक का समर्थन नहीं करने के लिए मनाना और विपक्षी दलों के बीच एक साझा रणनीति बनाना है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। ऐसे में सत्र से ठीक पहले विपक्षी नेताओं की यह कवायद काफी अहम मानी जा रही है।
डीएमके के रुख ने बढ़ाई कांग्रेस की चिंता
परिसीमन विधेयक पर डीएमके की ओर से समर्थन के संकेत मिलने के बाद कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई है। तमिलनाडु में मजबूत राजनीतिक आधार रखने वाली डीएमके INDIA गठबंधन का भी प्रमुख हिस्सा है। ऐसे में यदि पार्टी विधेयक के पक्ष में खड़ी होती है, तो विपक्ष की एकजुटता पर असर पड़ सकता है।
कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि एमके स्टालिन को प्रस्तावित परिसीमन के संभावित राजनीतिक और संघीय प्रभावों से अवगत कराया जाए। विपक्ष की प्रमुख चिंता राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बिगड़ने को लेकर है। खासकर दक्षिण भारतीय राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का निर्धारण होने से उन्हें राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेताओं की सक्रियता
परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेता सक्रिय बताए जा रहे है। कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि संसद के विशेष सत्र से पहले सभी सहयोगी दलों के साथ चर्चा कर एक साझा रुख तैयार किया जाए।
खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की अगुवाई में होने वाली चेन्नई की संभावित बैठक इसी रणनीति का हिस्सा है। हालांकि, इसमें शामिल होने वाले सभी नेताओं की अंतिम सूची और बैठक का आधिकारिक कार्यक्रम अभी स्पष्ट नहीं है।
शरद पवार को भी मनाने की तैयारी
कांग्रेस की चिंता केवल डीएमके तक सीमित नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार का रुख भी इस मामले में महत्वपूर्ण हो गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, उनकी पार्टी ने भी विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए है। हालांकि, यह समर्थन लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान सुनिश्चित किए जाने की शर्त से जुड़ा बताया जा रहा है।
ऐसे में कांग्रेस नेता चेन्नई में स्टालिन से बातचीत के बाद मुंबई जाकर शरद पवार से भी मुलाकात कर सकते है। इस राजनीतिक संपर्क का उद्देश्य दोनों नेताओं को मनाने के साथ INDIA गठबंधन के भीतर सामने आए मतभेदों को दूर करना है।
परिसीमन विधेयक को लेकर क्यों है विवाद?
परिसीमन की प्रक्रिया के तहत लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं तथा विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व तय किया जाता है। प्रस्तावित बदलावों को लेकर विपक्ष को आशंका है कि सीटों की संख्या बढ़ाने और उनके बंटवारे की प्रक्रिया में राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन प्रभावित हो सकता है।
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता है कि जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद उन्हें भविष्य में संसद में प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी वजह से परिसीमन का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बना हुआ है।
दूसरी ओर, केंद्र सरकार की प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक बढ़ाने और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रावधान शामिल बताए जा रहे है। सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी और राज्यों के बीच उनके बंटवारे के तरीके को लेकर ही राजनीतिक दलों के बीच मतभेद बने हुए है।
अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र और उससे पहले चेन्नई में होने वाली विपक्षी नेताओं की मुलाकात पर है। यह बैठक तय कर सकती है कि परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर INDIA गठबंधन एक साझा रुख अपना पाता है या उसके भीतर मतभेद और गहरे होते है।











