
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। शनिवार सुबह 6 बजे से स्थिति के अनुसार कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या हवाई अड्डे जाने वाले यात्री अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में यातायात नियंत्रित किया जा रहा है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
इन प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आउटर सर्किल कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड टी-पॉइंट, गोल डाकखाना गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और कनॉट प्लेस-संसद मार्ग टी-पॉइंट पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।इसके अलावा शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, पंचकुइयां गोलचक्कर, मंडी हाउस गोलचक्कर, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग और गुरु नानक चौक पर भी यातायात प्रभावित रहने की आशंका है।वहीं, विंडसर पैलेस गोलचक्कर, टॉलस्टॉय मार्ग-जनपथ चौराहा, चेम्सफोर्ड रोड, भारियों रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-पॉइंट, सम्राट होटल गोलचक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग चौराहा और भीकाजी कामा प्लेस सहित कई अन्य स्थानों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन प्रस्तावित हैं।मोती बाग फ्लाईओवर, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट, रेल भवन गोलचक्कर, जय सिंह रोड-संसद मार्ग चौराहा और अशोका रोड-जंतर-मंतर रोड गोलचक्कर के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश-निकास पर भी प्रतिबंध
प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनपथ और कर्तव्य पथ क्षेत्र के आसपास मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार शाम तक दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद किए जाने की बात कही गई है। इससे मेट्रो यात्रियों को भी अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की जरूरत है।
पुलिस ने क्यों नहीं दी प्रदर्शन की अनुमति?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि आयोजकों ने पहले हुए प्रदर्शन के दौरान कानूनी निर्देशों और दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया था। इसी आधार पर प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने का फैसला किया गया।
यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या हवाई अड्डे जाने के लिए अतिरिक्त समय रखें। यातायात की स्थिति के अनुसार डायवर्जन में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए वाहन चालकों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ताजा अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर मध्य दिल्ली और नई दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए।




















