
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम खंटाडांड़ में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 65 गौवंशों को बरामद कर तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कंटेनर में गौवंशों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक के साथ गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने वाली एक कार भी जब्त की है। कार से जुड़ा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 10 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर अंबिकापुर की ओर से बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोक लिया। तलाशी लेने पर अंदर 65 गौवंश मिले, जिनमें दो मृत पाए गए। पूछताछ में चालक की पहचान रेहान अंसारी (34 वर्ष), निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गौ-तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस ने बरामद गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। कार्रवाई के दौरान गौ-तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने के संदेह में मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की गई है। कार से जुड़ा आरोपी फरार बताया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।रेहान अंसारी के खिलाफ थाना बगीचा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जनवरी से अब तक 1108 गौवंश मुक्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जनवरी 2026 से अब तक गौ-तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई की गई है। इन प्रकरणों में कुल 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया है, जबकि 131 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए गए 36 वाहन जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज तथा आरक्षक आशीष तिर्की, रमेश गृही और सुधीर मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गौवंशों के अवैध परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।




















