गरियाबंद। नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह एक तेज सड़क हादसे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। राजापड़ाव के पास सामने से आ रही पिकअप और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप की इनोवा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इनोवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि जिला पंचायत अध्यक्ष सुरक्षित हैं।

राजधानी जाते समय सामने से आई पिकअप

जानकारी के अनुसार गौरी शंकर कश्यप अपने निजी निवास से इनोवा कार में सवार होकर राजधानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजापड़ाव से पहले हाईवे के एक मोड़ पर सामने से आ रही पिकअप उनकी कार से टकरा गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा को काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच हुआ बताया जा रहा है।

बारिश में यह हिस्सा बन रहा हादसों का केंद्र

स्थानीय लोगों के मुताबिक NH-130C पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का मार्ग बरसात के मौसम में विशेष रूप से जोखिम भरा हो जाता है। अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं होने के कारण कई जगह वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।बारिश के दौरान इस हिस्से में लगातार दुर्घटनाएं होने की बात स्थानीय लोग कह रहे हैं। ऐसे में हादसे के बाद एक बार फिर सड़क की सुरक्षा व्यवस्था और चौड़ीकरण का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

एक महीने पहले भी गई थी दो लोगों की जान

इसी मार्ग पर करीब एक महीने पहले हुए एक अन्य सड़क हादसे में देवभोग के रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के कारण स्थानीय लोग इस मार्ग पर जरूरी सुरक्षा उपायों और सड़क सुधार कार्य को जल्द पूरा करने की मांग उठा रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!