

कोरिया: कोरिया जिले के थाना पटना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1095 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में जिलेभर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला साइबर टीम, थाना प्रभारी पटना और थाना स्टाफ की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि झारखंड के गढ़वा क्षेत्र से कुछ लोग भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर ग्राम डुमरिया क्षेत्र में बिक्री के लिए पहुंचे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृता पटेल, पति पुष्पेंद्र पटेल एवं रामबाई, पति विनोद पटेल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 1095 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनमें Rexogesic/Buprenorphine Injection और Avil Injection शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना पटना में अपराध क्रमांक 128/2026 के तहत धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे के अवैध नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
कोरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।




















