CG News:  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तिफरा स्थित अभिलाषा परिसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार तड़के एक प्रेमी जोड़ा तीन मंजिला इमारत की छत से नीचे गिर गया। हादसे के बाद दोनों को तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुराना रिश्ता, हाल ही में हुआ था समझौता

मृतक युवक की पहचान चिरंजीवी पांडेय उर्फ चिंटू के रूप में हुई है, जो यदुनंदन नगर में रहकर एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह मूल रूप से बिहार का निवासी था। युवती गरिमाश्री उर्फ महिमा, मुंगेली की रहने वाली है। दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। बीच में कुछ समय के लिए रिश्ता टूट गया था, लेकिन हाल ही में दोनों के बीच फिर से सुलह हुई थी।

छत पर पार्टी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सुलह की खुशी में दोनों छत पर पार्टी करने गए थे। पुलिस को आशंका है कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। छत की सुरक्षा दीवार छोटी होने के कारण धक्का-मुक्की में संतुलन बिगड़ा और दोनों एक के बाद एक नीचे गिर गए।

घटनास्थल से मिले अहम सुराग, जांच जारी

सिरगिट्टी पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और खाने के पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी जब्त कर लिया है और उन लोगों की तलाश की जा रही है जिन्हें इस पार्टी की जानकारी थी।

युवती के बयान का इंतजार, तभी खुलेगा पूरा राज

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवती के होश में आने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!