

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से ईमानदारी और जिम्मेदार नागरिक होने का प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। पलारी क्षेत्र के एक युवक ने सड़क किनारे पड़ी पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देकर संभावित खतरे को टाल दिया। पुलिस जांच में वह वस्तु एयर पिस्टल निकली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसमी निवासी रामायण वर्मा करीब पांच दिन पहले कबाड़ एकत्रित कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे पड़े एक कवर में उन्हें पिस्टल जैसी वस्तु दिखाई दी। हथियार जैसा दिखने पर उन्होंने कोई जोखिम नहीं उठाया और पहले अपने एक मित्र को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बिना देर किए पलारी थाना पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
थाना प्रभारी खुद पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही पलारी थाना प्रभारी स्वयं ग्राम कुसमी पहुंचे और बरामद वस्तु की जांच की। प्रारंभिक परीक्षण में स्पष्ट हुआ कि वह असली हथियार नहीं, बल्कि एक एयर पिस्टल है। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
युवक की जागरूकता की पुलिस ने की प्रशंसा
थाना प्रभारी ने रामायण वर्मा की ईमानदारी, सतर्कता और जिम्मेदार व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते पुलिस को सूचना देकर उन्होंने किसी भी संभावित दुरुपयोग की आशंका को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संदिग्ध वस्तु मिलने पर तुरंत दें सूचना
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, हथियार या आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री मिले, तो उसे अपने पास रखने या छेड़छाड़ करने के बजाय तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। समय पर दी गई जानकारी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में अहम साबित हो सकती है।











