

जशपुर: जशपुर जिले के कोतबा चौकी क्षेत्र में बकरी व्यापारियों से लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी नगदी 1,600 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यकांत यादव (24 वर्ष), निवासी बेलडेगी, थाना पत्थलगांव और राहुल खलखो (24 वर्ष), निवासी सराईटोला, थाना बागबहार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतबा चौकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे हुई थी लूट की वारदात
पुलिस के मुताबिक 30 जुलाई 2026 की रात भोगी राम बंजारा अपने 12 बकरों और अन्य व्यापारी गोवर्धन यादव के 13 बकरों को छोटा हाथी वाहन (CG14MU0288) से हाडीपानी (लैलूंगा) बाजार बिक्री के लिए ले जा रहे थे। वाहन में चालक भोला यादव सहित अन्य लोग भी सवार थे।31 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे ग्राम पीठाआमा के पास पीछे से आई ब्रेजा कार (CG04MU7732) में सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने कार लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने भोगी राम से 1,000 रुपये लूट लिए। वहीं पीछे आ रहे बकरी व्यापारियों योगेश यादव और हेमंत यादव को भी रोककर उनसे 600 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही कोतबा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली।पुलिस ने सूर्यकांत यादव के पास से 1,000 रुपये तथा राहुल खलखो के कब्जे से 600 रुपये बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पूरे मामले के खुलासे में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक छविकांत पैकरा, आरक्षक सुशील तिर्की, निर्मल नाग, पुस्तम यादव और दिलीप नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतबा क्षेत्र में हुई लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जिले में लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।











