सूरजपुर: छत्तीसगढ़ में हिन्दी एवं अंग्रेजी शीघ्रलेखन तथा मुद्रलेखन परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य के लिए योग्य एवं अनुभवी शीघ्रलेखकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के अंतर्गत संचालित शीघ्रलेखन-मुद्रलेखन कम्प्यूटर कौशल परीक्षा परिषद द्वारा मूल्यांकनकर्ताओं के नवीन पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

प्रदेश स्तर पर आयोजित होती हैं ऑनलाइन कौशल परीक्षाएं

परिषद द्वारा प्रदेश स्तर पर विभिन्न गति वर्गों में ऑनलाइन कौशल परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है। इन परीक्षाओं के सुचारू एवं पारदर्शी मूल्यांकन के लिए अनुभवी शीघ्रलेखकों की सेवाएं आवश्यक होती हैं। इसी आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए परिषद ने पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाए हैं।

पात्रता एवं आवेदन की शर्तें

आवेदन हेतु ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्हें शासकीय सेवा में शीघ्रलेखन पद पर कम से कम 10 वर्षों का कार्यानुभव प्राप्त हो। इस श्रेणी में सेवानिवृत्त शीघ्रलेखकों के साथ-साथ संविदा पर कार्यरत कर्मचारी भी सम्मिलित हैं। इच्छुक उम्मीदवार परिषद की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर निर्धारित पते पर भेज सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित की गई है।

तीन वर्षों के लिए मान्य होगा पंजीयन

परिषद द्वारा किए जाने वाले पंजीयन की वैधता वर्ष 2026 से 2029 तक अर्थात् तीन वर्षों के लिए मान्य होगी। आवेदन के साथ 100 रुपये का निर्धारित शुल्क चालान के माध्यम से जमा करना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित प्रारूप एवं शुल्क के बिना प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!