बलरामपुर:  कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह द्वारा विकासखंड कुसमी में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में कुसमी विकासखंड के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली का गहन मूल्यांकन किया गया।इस दौरान आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, वय वंदना कार्ड, उच्च जोखिम गर्भावस्था, प्रसव पूर्व जांच, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, यू-वीन पोर्टल में एंट्री एवं प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने संस्थागत प्रसव को बढ़ाने, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने तथा सेक्टरवार कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान एवं वयोवंदन कार्ड का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी शिशु एवं  गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे उन्होंने यू-वीन पोर्टल में सभी सत्रों की समयबद्ध एंट्री अनिवार्य रूप से करने को कहा।मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन के संबंध में उन्होंने दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मलेरिया, डेंगू एवं दस्त नियंत्रण हेतु स्वच्छता, जलजमाव रोकने एवं लार्वा नियंत्रण गतिविधियों पर जागरूक करने को कहा। उन्होंने क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संदिग्ध मरीजों की शीघ्र पहचान, जांच एवं पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!