

बिलासपुर। बिलासपुर जोनल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। शिवनाथ एक्सप्रेस से सफर कर रहे यात्रियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें खराब और दुर्गंधयुक्त खाना बेचा गया। मामले की शिकायत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक से की गई है। हालांकि शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कार्रवाई के दावों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
22 जून को सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार 22 जून को शिवनाथ एक्सप्रेस के एस-7 कोच में यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर मौजूद हाकरों से 150 रुपये प्रति थाली के हिसाब से तीन शाकाहारी भोजन खरीदे। आरोप है कि भोजन प्लास्टिक की थाली में दिया गया, लेकिन उस पर निर्माता, सप्लायर, लाइसेंस नंबर या पैकिंग से जुड़ी कोई अनिवार्य जानकारी अंकित नहीं थी।
थाली खोलते ही आने लगी दुर्गंध
यात्रियों का आरोप है कि भोजन खोलते ही उसमें से तेज बदबू आने लगी। दाल, पूरी और सब्जी की गुणवत्ता भी खराब थी। भोजन की स्थिति देखकर यात्रियों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई और पूरा खाना डस्टबिन में फेंक दिया।
इसके बाद यात्रियों ने मोबाइल के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायतकर्ताओं के अनुसार अधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और बाद में करीब 30 लोगों को पकड़ने की जानकारी भी दी।
पैकिंग और हाकरों की पहचान पर उठे सवाल
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि भोजन के पैकेट पर खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अनिवार्य जानकारी उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा भोजन बेच रहे हाकरों के पास भी कोई पहचान पत्र नजर नहीं आया। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायतकर्ता बोले, अब भी जारी है अनधिकृत बिक्री
शिकायतकर्ता नरेंद्र दत्तात्रेय तेलंग का आरोप है कि कार्रवाई के दावों के बावजूद स्टेशन परिसर में अनधिकृत तरीके से भोजन बेचने का सिलसिला अब भी जारी है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से नियमित जांच अभियान चलाने और यात्रियों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है।
रेलवे ने कहा, नियमानुसार की जा रही कार्रवाई
वहीं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता से जुड़े मामलों को गंभीरता से ले रहा है।




















