राजिम/सोनपैरी। रायपुर जिले के सोनपैरी स्थित कबीर आश्रम में सोमवार को संत कबीर जयंती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब समेत कई जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे आयोजन में संत कबीर के विचारों, सामाजिक समरसता और सेवा भाव का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

पौधारोपण और स्वागत के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम में अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. श्वेता शर्मा, नवापारा नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। आश्रम प्रभारी देवकर साहेब ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

आश्रम पहुंचने के बाद अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने टीशू, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारियल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और राष्ट्रसंत असंगदेव ने आम, जबकि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने पारिजात का पौधा लगाया।

प्रेम, सेवा और संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत : राष्ट्रसंत असंगदेव

राष्ट्रसंत असंगदेव ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब-जब समाज में अन्याय, अधर्म और कुरीतियां बढ़ती हैं, तब-तब महापुरुष मानवता का मार्गदर्शन करने के लिए अवतरित होते हैं। भगवान राम, श्रीकृष्ण, महावीर स्वामी, भगवान बुद्ध और संत कबीर सभी ने समाज को सत्य, प्रेम और धर्म का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि जीवन की सबसे बड़ी शक्ति प्रेम है। जो व्यक्ति प्रेम करना सीख जाता है, उसके जीवन में सुख, शांति और संतोष स्वतः आ जाते हैं। युवाओं से उन्होंने आग्रह किया कि माता-पिता को केवल अभिभावक नहीं, बल्कि अपना सबसे अच्छा मित्र भी मानें, क्योंकि वही जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं।

संत कबीर की तपोभूमि है छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को संत कबीर का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है और प्रदेश का एक जिला कबीरधाम उनके नाम पर स्थापित है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने समाज से जात-पात, छुआछूत, आडंबर और कुरीतियों को समाप्त करने का संदेश दिया, जो आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास तैयार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की नई शुरुआत हुई है और पुनर्वास नीति के तहत 15 हजार आवास बनाए जा रहे हैं, जिनमें छह हजार पूरे हो चुके हैं।

बिजली बिल योजना की अवधि बढ़ेगी, हेल्पलाइन से मिलेगा त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी, जिससे अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार लगभग 757 करोड़ रुपये की राहत देगी।

उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

कबीर आश्रम सेवा और समरसता का केंद्र बना : थावरचंद गहलोत

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर ने मानवता, समरसता, सत्य और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में स्थापित सोनपैरी कबीर आश्रम आज सेवा, सामाजिक समरसता, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने राष्ट्रसंत असंगदेव के समाज में सद्भाव और सेवा के कार्यों की सराहना की।

कबीर की वाणी आज भी समाज के लिए प्रेरणा : डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संत कबीर ने सदियों पहले समाज सुधार का जो अभियान शुरू किया था, उसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, संयम और सद्भाव का संदेश संत कबीर की सबसे बड़ी देन है।

देवकर साहेब ने संभाला संचालन, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

कार्यक्रम का संचालन आश्रम प्रभारी देवकर साहेब ने किया। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, राजेश साहू, संतोष शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, सुरेंद्र पाटनी, सोनपैरी की सरपंच अन्नपूर्णा-गणेश साहू सहित बड़ी संख्या में संत, साधु और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!