

ओड़गी/सूरजपुर। सूरजपुर जिले के ओड़गी मुख्यालय स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों के अनुशासन और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर अभिभावकों में संतोष और खुशी देखने को मिल रही है। अभिभावकों का कहना है कि बीते एक से दो वर्षों में स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति की है, जिससे क्षेत्र के साथ-साथ दूरस्थ अंचलों के परिवार भी अपने बच्चों का प्रवेश विद्यालय में करा रहे हैं।
ओड़गी क्षेत्र में बेहतर शिक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता लंबे समय से बनी रही है। इसके कारण कई अभिभावक बच्चों की पढ़ाई के लिए जिला और संभाग मुख्यालयों में किराए का कमरा लेकर रहने को मजबूर होते रहे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर डीएवी पब्लिक स्कूल में बेहतर शिक्षण व्यवस्था विकसित होने से अभिभावकों को राहत मिली है।अभिभावकों के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य द्वारा नियमित रूप से स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। बच्चों को पढ़ाई के साथ अंग्रेजी भाषा और अन्य विषयों का बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थी अंग्रेजी शब्दों और सीबीएसई पाठ्यक्रम को समझने में पहले की तुलना में अधिक सहज महसूस कर रहे हैं।विद्यालय में पाठ्यक्रम के साथ-साथ बच्चों के सामान्य ज्ञान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, पर्यावरण और अन्य सामाजिक विषयों की जानकारी दी जाती है। वहीं, समय-समय पर अभिभावक बैठक आयोजित कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और गतिविधियों की जानकारी साझा की जाती है।
जन चौपाल के माध्यम से गांव-गांव उपनगरीय विद्यालय की जानकारी
शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों तक विद्यालय की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से प्राचार्य के मार्गदर्शन में स्थानीय युवाओं ने गांव-गांव जाकर जन चौपाल का आयोजन किया था। इस दौरान अभिभावकों को विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इस पहल के बाद दूरस्थ अंचलों के कई अभिभावकों ने अपने बच्चों का डीएवी पब्लिक स्कूल में प्रवेश कराया। वर्तमान में कई बच्चे स्कूल वाहन के माध्यम से नियमित रूप से विद्यालय पहुंच रहे हैं।
अभिभावकों ने की शिक्षण व्यवस्था की सराहना
वरिष्ठ नागरिक दानी पांडेय ने कहा कि विद्यालय में अच्छी पढ़ाई हो रही है। वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक कर स्कूल को आगे बढ़ाने के लिए सुझाव लिए जाते हैं, जो एक सराहनीय पहल है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य शिक्षण संस्थानों से भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
अभिभावक अरुण सिंह ने बताया कि उनके बच्चे डीएवी पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत हैं और पढ़ाई अच्छी तरह से हो रही है। प्राचार्य की नियमित निगरानी के कारण शिक्षक-शिक्षिकाएं अनुशासन के साथ बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं।वहीं, अभिभावक मनीष प्रताप सिंहने कहा कि प्राचार्य के सतत प्रयासों से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बना है और बच्चे अच्छी तरह से पढ़ाई कर पा रहे हैं।अभिभावक सोनू पालने बताया कि शुरुआत में सीबीएसई पाठ्यक्रम को लेकर बच्चों का प्रवेश कराने में कुछ आशंका थी, लेकिन स्कूल में बेहतर पढ़ाई होने से अब वे संतुष्ट और खुश हैं।
अभिभावक राजेश गुप्ता ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ बच्चों को सामान्य ज्ञान की जानकारी भी दी जा रही है। नियमित अभिभावक बैठकों के माध्यम से बच्चों की प्रगति और स्कूल की गतिविधियों की जानकारी साझा करना डीएवी संस्था की अच्छी पहल है।अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।











