गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही।  जिले के गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा के लिखनटोला में जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान परिवार के ही कुछ सदस्यों ने एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गौरेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को प्रार्थी दुर्गेश यादव ने थाना गौरेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ग्राम नेवसा स्थित जमीन को लेकर उसके पिता खूबचंद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।बताया गया कि 27 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे दुर्गेश यादव अपने पिता खूबचंद यादव के साथ लिखनटोला स्थित जमीन पर खेती का काम करने गया था। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंच गए। जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने खूबचंद यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने एफएसएल अधिकारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा तथा पोस्टमार्टम कराया।पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और सादी मिट्टी के नमूने भी जब्त किए। इसके अलावा प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपियों ने वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडों को अपने घरों में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से चार लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद कर जब्त कर लिए।मामले में पुलिस ने रामलाल यादव (37 वर्ष), बिसाहू यादव (60 वर्ष), बुधईया बाई उर्फ बुधिया यादव (60 वर्ष) और मुकेश यादव (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी लिखनटोला, ग्राम नेवसा, थाना गौरेला के निवासी बताए गए हैं।गौरेला थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2) और 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शनिप रात्रे, उप निरीक्षक अरविंद मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सहस राम रजक, पीएसआई आकाश बघेल, पीएसआई नेहा रावटे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!