

लखनपुर/प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर तहसील क्षेत्र में कोटवार संघ ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को एक दिवसीय हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया। तहसील कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में जुटे कोटवारों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो 15 जुलाई से जिला स्तरीय आंदोलन शुरू किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कोटवार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बावजूद वर्षों से उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उनका कहना था कि पिछली सरकार के कार्यकाल में मानदेय बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया था, लेकिन उसके बाद से अब तक वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई। साथ ही उन्हें राजस्व विभाग का कर्मचारी होने के बावजूद सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनसे उनके दायित्वों से हटकर कार्यालयों में झाड़ू लगाने, चौकीदारी करने और अन्य कार्य भी कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई कोटवारों के पास न तो स्वयं की भूमि है और न ही उन्हें कोटवारी भूमि उपलब्ध कराई गई है, जिससे उनका जीवनयापन कठिन हो गया है।कोटवार संघ ने सरकार से नियमितीकरण, मानदेय में वृद्धि, कोटवारी भूमि उपलब्ध कराने सहित अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार लखनपुर को सौंपा गया।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो 15 जुलाई से जिला मुख्यालय स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। धरना-प्रदर्शन में लखनपुर तहसील के बड़ी संख्या में कोटवार एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।










