

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के नेहरू पार्क में रविवार रात हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना ने दुखद मोड़ ले लिया है। अज्ञात युवक के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बालिका की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे नेहरू पार्क में बालिका पर एक अज्ञात युवक ने कथित तौर पर गले पर चाकू से हमला कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घायल बालिका को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।











