अंबिकापुर: सरगुजा जिले में पुलिस और छात्रों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना और चौकियों में स्कूली छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां बच्चों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

इस दौरान कोतवाली, गांधीनगर, मणिपुर, लखनपुर, लुंड्रा, धौरपुर और बतौली थाना क्षेत्रों में मठपारा मिडिल स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर लखनपुर, हायर सेकेंडरी स्कूल बोदा, नवीन कॉलेज धौरपुर, स्वामी आत्मानंद स्कूल गांधीनगर और मिशन स्कूल उदयपुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।भ्रमण के दौरान छात्रों को थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों जैसे सीसीटीएनएस कक्ष, रोजनामचा, मालखाना, शस्त्रागार और बंदीगृह (हवालात) का अवलोकन कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, आपातकालीन सेवाओं और पुलिस के दैनिक कार्यों की जानकारी सरल भाषा में दी।साथ ही छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया। महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी भी दी गई, जिससे बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सहज और सरल तरीके से जवाब दिया।

इस शैक्षणिक भ्रमण से न केवल छात्रों के मन में पुलिस के प्रति सकारात्मक छवि बनी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और विधिक जागरूकता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम में संबंधित थाना-चौकी प्रभारी, शिक्षकगण और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!