

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और कोरिया जिले की सीमा पर स्थित गोबरी नदी किनारे एक शिव मंदिर में दुधमुंही बच्ची लावारिस हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बच्ची करीब दो माह की है।
जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे-43 पर गोबरी नदी के पास स्थित शिव मंदिर में लोगों ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। आसपास मौजूद लोगों ने मंदिर परिसर में जाकर देखा तो एक मासूम बच्ची अकेली पड़ी हुई थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि किसी ने रात के अंधेरे में बच्ची को मंदिर में छोड़ दिया। बच्ची के लावारिस हालत में मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर बच्ची के माता-पिता की तलाश में जुट गई है। साथ ही मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी क्षेत्र में भी जांच की जा रही है।फिलहाल मासूम बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





















