सभी आरओ-एआरओ पुलिस बल के साथ मतदान दिवस के दिन केन्द्रों का करें भ्रमण

बलरामपुर: समय सीमा की बैठक के पूर्व राजस्व व पुलिस अधिकारियों के साथ जिले में कानून व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने आगामी पंचायत उप निर्वाचन को देखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पुलिस, थाना व चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था के संबंध में बिन्दुवार जानकारी ली। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अधिकारियों से कहा कि चुनाव को लेकर जो दिशा-निर्देश आयोग द्वारा जारी किये गये हैं, उसका पूर्ण रूप से पालन किया जाये। चुनाव स्वतंत्र व निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो, ऐसे व्यवस्था की जाये। अधिकारी मतदान तारीख के पूर्व सभी तैयारियों का अवलोकन कर लें तथा सुनिश्चित किया जाये कि मतदान के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण रूप से पालन हो। लोग मास्क पहनकर ही मतदान करने आयें तथा सैनिटाईजर की व्यवस्था मतदान केन्द्रों में होे। कलेक्टर ने कहा कि सभी आरओ-एआरओ पुलिस बल के साथ मतदान दिवस के दिन केन्द्रों का भ्रमण कर कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाएं रखेंगे। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन व पुलिस के पास आने वाले नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव तत्काल निराकरण कर दिया जाये। समस्याओं का निराकरण न होने पर ही वे अन्य माध्यमों का सहयोग लेते हैं। जिससे शिकायत की स्थिति निर्मित होती है। सभी अधिकारियों को आपस में समन्वय के साथ सजग रहकर काम करना है और सामाजिक गतिविधियों पर भी सतत् नजर बनाए रखनी है। पुलिस अधीक्षक श्री साहू ने कहा कि पुलिस अधिकारी मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर लें तथा संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने भी उप निर्वाचन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जानकारी व दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण के कारण जिले में धरना-जुलूस प्रतिबंधित हैं तथा अधिकारी चुनावी गतिविधियों पर सतत् निगरानी रखें। पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी अनिवार्य रूप से मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर लें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एस.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर आर.एन.पाण्डेय सहित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!