जशपुर: जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लूट और हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार डुगडुगिया निवासी आदतन बदमाश रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की (23 वर्ष) ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 7 अप्रैल 2026 की रात खारीझरिया गांव में एक घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने घर में मौजूद महिला का मुंह तकिए से दबाकर हत्या का प्रयास किया और अलमारी से 2 लाख 10 हजार रुपये, मोबाइल हैंडसेट और चांदी की पायल लूटकर फरार हो गया।घटना के दौरान पीड़ित परिवार के सदस्य के पहुंचने पर आरोपी मौके से अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से भाग निकले। मामले की रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी लक्की पहले से जिला बदर रह चुका है और पूर्व में पुलिस कस्टडी से फरार भी हो चुका था।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर के निर्देशन में एसडीओपी कुनकुरी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। साइबर टीम की मदद से आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 हजार रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को 26 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।प्रकरण में शामिल अन्य दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी रखी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!